Rain system : बारिश के सिस्टम हुए कमजोर, अब तापमान भी बढ़ेगा
Rain system : मौसम में फिर बदलाव हो रहा है। मानसून के सुस्त पड़ने और कोई मजबूत मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं होने से दो दिन से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है।
Sun, 3 Aug 2025
Rain system : मौसम में फिर बदलाव हो रहा है। मानसून के सुस्त पड़ने और कोई मजबूत मौसम प्रणाली के सक्रिय नहीं होने से दो दिन से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है। शुक्रवार को पांच दिन बाद शहर में सूर्यदेव चमकते रहे। दिन भर बारिश नहीं हुईं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 4-5 दिन तक भारी बारिश नहीं होगी। चक्रवातीय परिसंचरण के असर से शनिवार को जबलपुर सम्भाग के अन्य जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।
Rain system : तापमान बढ़ा
शुक्रवार को अधिकतम तापमान बढ़कर 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य था। रात का न्यूनतम तापमान 22.7 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से एक डिग्री कम था। हवा में नमी 93 फीसदी दर्ज की गई। चौबीस घंटे में हुई 1.2 मिमी वर्षा के साथ सीजन में कुल वर्षा का आंकड़ा 770.6 मिमी (30.34 इंच) पहुंच गया।
Rain system : कम दबाव का क्षेत्र हो रहा शिफ्ट
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मानसून ट्रफ़ मध्य समुद्र तल पर श्री गंगानगर, रोहतक, बांदा, सीधी, रांची, डायमंड हार्बर से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की उत्तर-पूर्वी खाड़ी तक विस्तृत है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण-पश्चिम यूपी और निकटवर्ती क्षेत्रों पर, मध्य समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। साथ में दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण गंगीय पश्चिम बंगाल के उत्तरी भागों पर, मध्य समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण उत्तर-पूर्वी राजस्थान और निकटवर्ती क्षेत्रों पर, मध्य समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र शिफ्ट होने के संकेत हैं।
