रीवा: रोझोही में न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चिता आंदोलन का तीसरा दिन, दिवाली पर नहीं जले घरों में दीप
मध्य प्रदेश के रीवा जिले स्थित रोझोही गांव में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट के विरोध में चल रहा जनआंदोलन उग्र रूप लेता जा रहा है। जल सत्याग्रह के बाद शुरू हुए 'चिता आंदोलन' का आज तीसरा दिन रहा। प्रशासन को दिया गया 10 दिनों का अल्टीमेटम समाप्त होने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पुनः मोर्चा संभाल लिया है।
विरोध की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष रोझोही में दीपावली का पर्व परंपरागत उल्लास के साथ नहीं मनाया गया। ग्रामीणों ने घरों में दिए जलाने के बजाय हाथ में मशालें थामीं और जल सत्याग्रह के दौरान जान गंवाने वाली विमला आदिवासी को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदर्शन स्थल पर "विमला आदिवासी अमर रहे", "इंकलाब जिंदाबाद" और "जिला प्रशासन होश में आओ" के नारे गूंजते रहे।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे प्रमोद शर्मा ने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल एक संयंत्र की नहीं, बल्कि ग्रामीणों की आजीविका, जलस्रोतों, उपजाऊ भूमि और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की है। ग्रामीणों ने मांग रखी है कि प्रशासन व सरकार उनकी आपत्तियों को गंभीरता से सुने और प्रस्तावित परमाणु संयंत्र के पर्यावरणीय प्रभाव से जुड़े तमाम दस्तावेज सार्वजनिक करे। आंदोलनकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का पारदर्शी और ठोस समाधान नहीं निकलता, चिता आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
