IMD Alert- उत्तर भारत के कई हिस्सों में शीत लहर जारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान में अगले दो दिन के दौरान ठंड की भीषण स्थिति बनी रहेगी। वेदर डिपार्टमेंट ने कहा है कि इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 6 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार पश्चिमोत्तर भारत में अगले दो दिन घना कोहरा छाया रहेगा।
मौसम विभाग ने तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में अगले चार से पांच दिन के दौरान हल्की वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि सोमवार से राजस्थान और पश्चिमी मध्यप्रदेश में भी ओलावृष्टि तथा वर्षा हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में सुबह घने कोहरे की स्थिति बनी रही। मौसम विभाग ने बताया कि राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, जम्मू, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पंजाब तथा दिल्ली के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की स्थिति बनी रही।
